Thursday, May 3, 2018

सफलता क्‍या है?

सफलता क्‍या है?


सफलता मात्र कोई संयोग नहीं है। वस्‍तुत: सफलता अपनी सभी प्रकार की क्षमताओं, शक्‍तियों तथा संभावनाओं का सही प्रकार से मन्‍थन कर मक्‍खन निकालने जैसी लम्‍बी प्रक्रिया का परिणाम है। मानव में क्षमताओं एवं संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। प्रत्‍येक मनुष्‍य में असीम क्षमताएँ एवं संभावनाएँ होती हैं। आवश्‍यकता है अपनी सभी क्षमताओं को channelise कर organise करने की तथा अपने अभीष्‍ट की दिशा में पूरी लगन एवम् मनोयोग से जुट जाने की। इस सम्‍पूर्ण प्रक्रिया को मेहनत की संज्ञा दी जाती है। जीवन में मेहनत का कोई विकल्‍प नहीं है। आवश्‍यकता है उस मेहनत को सही दिशा देने की। सही दिशा में मेहनत निश्‍चित ही सफलता की ओर अग्रसर होती है। भाग्‍य भी हमेशा उन्‍हीं का साथ देता है जो ईमानदारी से मेहनत करते हैं। हेनरी फोर्ड ने कहा है कि हम जितनी अधिक मेहनत करेंगे भाग्‍य भी हमारा उतना ही अधिक साथ देगा। प्रश्‍न पैदा होता है कि मेहनत तथा सफलता में क्‍या सम्‍बन्‍ध है? इस सन्‍दर्भ में यह कहा जा सकता है कि एक योजना बनाकर बार-बार उसका अभ्‍यास करना ही मेहनत है। इस मेहनत से आत्‍मविश्‍वास पैदा होता है और आत्‍मविश्‍वास से सफलता अर्जित होती है।

वस्‍तुत: प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मेहनत, आत्‍मविश्‍वास एवम् प्रतिबद्धता के सतम्‍भों पर टिकी होती है। मेहनत, आत्‍मविश्‍वास एवम् प्रतिबद्धता ही साधारण व्‍यक्‍ति को असाधारण बनाती है। राष्‍ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर ने सही ही कहा है कि-

खम ठोक ठेलता है जब नर, परबत के जाते पांव उखड़।
मानव जब जोर लगाता है, पत्‍थर पानी बन जाता है।।
इसी प्रकार स्‍वामी विवेकानन्‍द ने भी सही ही कहा है- उतिष्‍ठत जाग्रत प्राप्य-वरान निबोधत। इसी प्रकार निम्‍न पंक्‍तियाँ भी दृष्‍टव्‍य हैं-

इंसान वो नहीं जो, हवा के साथ बदले।
इंसान तो वो है जो, हवा का रूख बदले।।
जीवन में हारता वह है जो हारने से पहले ही हार जाता है और जीतता वह है जो हारने के बाद भी नहीं हारता। परीक्षा में हर प्रश्‍न हमारे लिए हार और जीत का परिणाम लेकर उपस्‍थित होता है। हम आत्‍म-विश्‍वास खोकर प्रश्‍नों का सही उत्‍तर देकर भी रिजेक्‍ट’[Reject] किये जा सकते हैं और आत्‍म-विश्‍वास खोए बिना किसी प्रश्‍न के बारे में अनभिज्ञता प्रकट करने पर भी सलेक्‍ट किए जा सकते हैं। इसलिए प्रत्‍येक प्रतियोगी परीक्षा की कुन्‍जी आत्‍म-विश्‍वास एवं प्रतिबद्धता के साथ ईमानदारी से की गयी मेहनत है। अगर आप कठिन मेहनत और परिश्रम करने को तैयार हैं तो दोस्‍तों कूद पड़ो इस समर में, सफलता अवश्‍य ही आपका वरण करने को तत्‍पर है।



Prof.B.M Sharma 
Former Chairman RPSC & Vice 
Chancellor Kota University

कोई सवाल हो तो हमें कॉल करें : 9116472363, 8078662363       
वेबसाइट पर जाने के लिए यहाँ पर क्लिक करे : https://www.targetcivil.com/



No comments:

Post a Comment